कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशन में सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 अंतर्गत बच्चों एवं महिलाओं की पोषण एवं स्वास्थ्य स्थिति में सुधार लाने के उद्देश्य से सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में सिवनी शहरी क्षेत्र में संचालित कुल 537 आंगनवाड़ी केंद्रों में तिथि भोज एवं कन्या भोज का आयोजन किया गया।तिथि भोज एक स्वैच्छिक सामुदायिक सहभागिता गतिविधि है, जिसके अंतर्गत स्थानीय नागरिक, समाजसेवी, स्वयंसेवी संस्थाएं एवं अन्य इच्छुक व्यक्ति अपने विशेष अवसरों जैसे जन्मदिवस, पुण्यतिथि, विवाह वर्षगांठ तथा धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों एवं अन्य हितग्राहियों के साथ मनाते हैं। इस अवसर पर बच्चों एवं महिलाओं को पौष्टिक भोजन तथा अतिरिक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य समुदाय की सहभागिता से पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत हितग्राहियों के पोषण स्तर में सुधार लाना है। इसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को बच्चों एवं महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए योगदान देने का अवसर मिलता है।तिथि भोज के अंतर्गत हितग्राहियों को पौष्टिक स्वल्पाहार, पूर्ण भोजन तथा अन्य खाद्य सामग्री प्रदान की जा सकती है। इसमें ताजे फल, ताजा मिठाई, दूध, खिचड़ी, हलवा, अंकुरित आहार, नमकीन, दाल-चावल, पौष्टिक नाश्ता एवं पौष्टिक प्रसाद शामिल हैं। इच्छुक अतिथियों द्वारा बच्चों एवं महिलाओं को स्वैच्छिक रूप से उपहार भी दिए जा सकते हैं।आंगनवाड़ी केंद्रों में तिथि भोज के दौरान भोजन की स्वच्छता, ताजगी एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्थानीय खाद्य विविधता को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि बच्चों की खान-पान संबंधी आदतों में सुधार हो तथा उनकी पोषण संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित की जा सके।महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा समुदाय के नागरिकों, समाजसेवियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से इस पहल में सहभागिता कर बच्चों एवं महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार हेतु सहयोग करने की अपील की गई है।