राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सीहोर जिले की अर्बन टीम ने चार माह के बच्चे केशव का जन्मजात कटे होंठ और तालू की गंभीर समस्या का सफल उपचार कराया। खजूरी (टिटोरा) गांव निवासी केशव अब पूरी तरह स्वस्थ है। केशव को जन्म से ही कटे होंठ की समस्या थी। आरबीएसके अर्बन टीम सीहोर के नर्सिंग स्टाफ और सहयोगी प्रयासों से बच्चे का पूरी तरह निःशुल्क सफल ऑपरेशन कराया गया। समय पर उपचार मिलने से बच्चे को नई जिंदगी और बेहतर भविष्य की उम्मीद मिली है।
यह सफलता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया, आरबीएसके नोडल अधिकारी डॉ. अंकित तथा डीईआईएम श्रीमती टी.एन. शर्मा के मार्गदर्शन में संभव हुई। उपचार में आरबीएसके अर्बन टीम के डॉ. मरियम हुसैन, डॉ. भरत चौधरी और फार्मासिस्ट श्रीमती प्रियंका राठौर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का उद्देश्य जन्मजात विकृतियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें उचित उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि बच्चे स्वस्थ जीवन जी सकें।