विगत वर्षों में रायसेन जिले में पराली जलाने की घटनाओं में वृद्धि दर्ज की गई है। फसल अवशेष (पराली) जलाने से मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं तथा भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है। इसके साथ ही वायु प्रदूषण में वृद्धि होती है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव मानव स्वास्थ्य, पशुओं एवं पर्यावरण पर पड़ता है। इस समस्या के प्रभावी समाधान एवं किसानों को पराली प्रबंधन के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि विगत 3 वर्षों में पराली जलाने की घटनाओं वाले 547 ग्रामों में से जिन ग्रामों में इस वर्ष पराली जलाने का एक भी प्रकरण दर्ज नहीं होगा, उन ग्रामों को ‘‘पराली जलाने से मुक्त ग्राम‘‘ घोषित कर जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा जिले के समस्त किसान भाइयों से अपील की गई है कि वे धान की पराली को जलाने के स्थान पर उसका उचित प्रबंधन करें तथा पराली प्रबंधन के विभिन्न कृषि यंत्रों एवं तकनीकों को अपनाएं। किसान स्वयं जागरूक होकर अपने गांव को ‘‘पराली जलाने से मुक्त ग्राम‘‘ बनाने में सहभागी बनें और मिट्टी के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।