कृषि विज्ञान केंद्र हरदा ने आगामी रबी फसलों में मृदा जनित बीमारियों से बचाव के लिए किसानों को जैविक सलाह जारी की है। केंद्र प्रमुख डॉ. संध्या मुरे ने बताया कि आगामी फसल में जड़ सड़न सहित अन्य मृदा जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए ट्राइकोडर्मा और स्यूडोमोनास का उपयोग अत्यंत लाभकारी है। इसके लिए 2 से 3 लीटर ट्राइकोडर्मा और स्यूडोमोनास को एक क्विंटल गोबर की खाद में मिलाकर बुवाई से 15 दिन पहले नमी की स्थिति में छायादार स्थान पर रखें और बुवाई के समय इसे मृदा में मिला दें। यह उपाय मिर्ची, सोयाबीन, चना सहित अन्य फसलों में आने वाली जड़ सड़न बीमारी के प्रबंधन में सहायक है। इन जैव एजेंटों का उपयोग मिर्ची, बैंगन, टमाटर एवं अन्य सब्जियों की पौध एवं मृदा दोनों में लाभकारी है। पौध उपचार के लिए 10 मिली प्रति लीटर ट्राइकोडर्मा का घोल बनाकर पौधों की जड़ों को 10 मिनट तक घोल में डुबोने के बाद रोपित करें। वहीं नर्सरी तैयार करते समय ट्रे में 10 ग्राम प्रति लीटर पानी के घोल में मिलाकर नए पौधों को बीमारियों से सुरक्षा दी जा सकती है।
किसान कल्याण एवं कृषि विकास
मृदा जनित बीमारियों से बचाव के लिए ट्राइकोडर्मा और स्यूडोमोनास का करें उपयोग
नर्मदापुरम संभाग संस्करण की खबर →
नो फ़िल्टर डेस्क · हरदा · 29 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट


