अनुविभागीय (राजस्‍व) अधिकारी राजगढ़ श्री सुशील कुमार ने हार्वेस्टर संचालकों की बैठक लेकर फसल कटाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में हार्वेस्टर संचालन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के संबंध में चर्चा की गई। अनुविभागीय (राजस्‍व) अधिकारी राजगढ़ श्री कुमार ने सभी हार्वेस्टर संचालकों को निर्देशित किया कि वे हार्वेस्टर का संचालन पूरी सावधानी एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप करें। मशीनों को कार्य में लगाने से पहले उनकी अच्छी तरह जांच करें तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी होने पर उनका उपयोग नहीं करें। हार्वेस्टर संचालन के दौरान किसानों, मजदूरों एवं आसपास मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि फसल कटाई के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सभी हार्वेस्टर संचालकों को सुरक्षित तरीके से कार्य करने एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए।