शिक्षा के रास्ते में कई बार दूरी और आवागमन के साधनों की कमी ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन जाती है। लेकिन जब शासन की कल्याणकारी योजनाएं सही समय पर छात्रों तक पहुँचती हैं, तो यह दूरी हौसलों को डिगा नहीं पाती। कुछ ऐसा ही बदलाव आया है आनंदपुर गाँव के रहने वाले छात्र नीरज अहिरवार के जीवन में। आनंदपुर निवासी नीरज अहिरवार ने जब कक्षा 9वीं में प्रवेश लिया, तो स्कूल आने-जाने की दूरी उनके दैनिक अध्ययन में बाधा बन रही थी। ऐसे समय में शासन की निःशुल्क साइकिल वितरण योजना उनके लिए एक बड़ा सहारा बनकर आई। कक्षा 9वीं में उन्हें योजना के तहत साइकिल प्राप्त हुई, जिसने उनकी पढ़ाई की राह को बेहद सुगम बना दिया। नीरज बताते हैं कि पहले स्कूल जाने और आने में काफी समय और ऊर्जा व्यर्थ होती थी। साइकिल मिलने के बाद से वे बिना किसी परेशानी के नियमित रूप से और समय पर स्कूल पहुँच रहे हैं। इससे उनकी पढ़ाई की निरंतरता बनी हुई है और दिनचर्या भी सहज हो गई है। नीरज का लक्ष्य आगे चलकर एक सफल व्यवसायी (बिजनेसमैन) बनकर जीवन में आत्मनिर्भर बनना और प्रगति करना है। वे अपनी इस सुविधा और शिक्षा में मिली मदद के लिए मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं और कहते हैं कि इस योजना ने ग्रामीण छात्रों के आगे बढ़ने के रास्ते को आसान किया है। सुश्री निहारिका मीना सहायक संचालक जनसम्पर्क दतिया