सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी नगरीय निकायों में रविवार को ‘सेवा सेतु—सरकार आपके द्वार’ शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

नगर परिषद रामपुर नैकिन एवं चुरहट में आयोजित शिविरों में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। चुरहट के राजीव गांधी सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर में कलेक्टर विकास मिश्रा ने सहभागिता की और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर नागरिकों से संवाद किया।

इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सरकार की उस भावना का विस्तार है, जिसमें शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार जनसेवा को केंद्र में रखते हुए नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा सेतु’ जैसे शिविर सरकार और नागरिकों के बीच सीधे संवाद का माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों से नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं की जानकारी अपने क्षेत्र में ही मिल रही है।

पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और जनकल्याण की भावना पहुंचाने का माध्यम है। सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से नागरिकों की समस्याओं के समाधान और उन्हें शासकीय योजनाओं से जोड़ने में मदद मिल रही है।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को पेंशन एवं अनुग्रह सहायता सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से अपने घरों, वार्डों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई तथा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छ और विकसित नगरीय क्षेत्र के निर्माण में शासन के प्रयासों के साथ नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।

इस अवसर पर नगर परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद, एल्डरमेन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना को साकार करते हुए नागरिकों को शासन की सेवाओं और योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।