कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेवा सेतु अभियान, सेवा संकल्प अभियान, जन विश्वास अभियान, सीएम हेल्पलाइन, टीएल सहित अन्य विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्रीमति सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन को शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

खास बातें

  • कलेक्टर ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम का शुभारंभ 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा गतिविधियों के साथ किया जाएगा।
  • चीचली के 25 पीतल धातु कारीगरों को मुरादाबाद में मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण
  • कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए शिकायतों के शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया।

3 और 4 अक्टूबर को लगेंगे सेवा सेतु शिविर

कलेक्टर ने सेवा सेतु अभियान की समीक्षा करते हुए बताया कि 3 अक्टूबर को जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों तथा 4 अक्टूबर को नगरीय निकायों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे।शिविरों में 25 से अधिक सेवा काउंटर रहेंगे, जहां विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं के लिए पंजीयन, पात्रतानुसार लाभ और लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। इनमें प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, उज्ज्वला, जनधन, बीमा, अटल पेंशन, पीएम स्वनिधि सहित अन्य योजनाओं की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।प्रत्येक शिविर में स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित होगा। संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।कलेक्टर श्रीमती सिंह सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम का होगा शुभारंभ

कलेक्टर ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम का शुभारंभ 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा गतिविधियों के साथ किया जाएगा। उन्होंने अभियान से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जन विश्वास शिविरों में अधिकारियों की मौजूदगी जरूरी

जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिला स्तरीय अधिकारी शिविरों में उपस्थित होने के पूर्व संबंधित क्षेत्र का भ्रमण करें और फिर शिविर में रहकर विभागीय आवेदनों एवं शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें। खंड स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शिविरों में मौजूद रहें और पात्र हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करें।

उन्होंने अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संबल एवं भवन सन्निर्माण कर्मकार मंडल योजना के अंतर्गत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीयन की स्थिति का सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए।

चीचली के 25 पीतल धातु कारीगरों को मुरादाबाद में मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण

बैठक में जिला महाप्रबंधक व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने बताया कि चीचली के 25 पीतल धातु कारीगरों को उनके पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक और बाजार की आवश्यकताओं से जोड़ने के उद्देश्य से 29 सितंबर को मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश भेजा जाएगा। कारीगरों को मुरादाबाद स्थित मेटल हैंडीक्राफ्ट सर्विस सेंटर में 30 दिवस का समग्र प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।प्रशिक्षण के दौरान कारीगरों को पीतल धातु से संबंधित कार्यों में आधुनिक तकनीक, बेहतर निर्माण प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक कौशल से परिचित कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें इंडस्ट्री विजिट भी कराई जाएगी, जिससे वे उद्योगों में अपनाई जा रही आधुनिक कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे। इसकी सम्पूर्ण तैयारी व्यवस्थित तरीके से किए जाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना एवं कौशल विकास योजना में पंजीयन की स्थिति, विभागीय कार्ययोजना की तैयारियों के साथ आगामी आयोजित बैठक में लेकर जिला रोजगार अधिकारी उपस्थित रहे।

सीएम हेल्पलाइन में गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए शिकायतों के शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों में शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझते हुए प्राथमिकता से निराकरण किया जाए।बैठक में बगैर पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने पर आत्मा पीडी श्रीमती नविता श्रीवास्तव को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नॉन-अटेंडेंट शिकायतें किसी भी स्तर पर लंबित नहीं रहनी चाहिए। अगस्त माह की सीएम हेल्पलाइन ग्रेडिंग में दो विभागों के सी श्रेणी में रहने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इनमें श्रम पदाधिकारी सुश्री दामिनी सिंह तथा जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग सुश्री निशा जैन शामिल हैं।

बारिश के बाद विद्युत व्यवस्था के मेंटेनेंस के निर्देश

कलेक्टर ने बारिश के बाद विद्युत व्यवस्था के आवश्यक मेंटेनेंस कार्य को प्राथमिकता से कराने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए, ताकि आमजन को विद्युत आपूर्ति से संबंधित परेशानियों का सामना न करना पड़े।

लोक सेवा गारंटी एवं आयोगों की शिकायतों की समीक्षा

बैठक में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। विभिन्न आयोगों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का समय-सीमा में तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जनता की समस्या का समाधान ही प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए समय पर निराकरण सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अपर कलेक्टर श्री अरविंद कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।