कमिश्नर सागर संभाग श्री दिलीप कुमार ने कमिश्नर कार्यालय में लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, राष्ट्रीय राजमार्ग, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम और सेतु निर्माण विभाग के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास श्री पी.सी. शर्मा सहित लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, एनएच, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम और सेतु निर्माण के संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कमिश्नर श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया लंबित है, उसे शीघ्र पूरी कर अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू किया जाए। जो भवन बनकर तैयार हो चुके हैं, उनका हैंडओवर संबंधित विभागों को जल्द कराया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुके रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) पर अप्रोच रोड एवं पहुंच मार्ग का निर्माण शीघ्रता से पूरा किया जाए ताकि जनता को उसका लाभ मिल सके। खुरई मार्ग, लेहरदा आरओबी के कार्य को जल्द पूरा करें। उन्होंने कहा कि रेलवे और एनएच आपसी समन्वय से कार्य कर निर्माण कार्यों को पूरा करें।

कमिश्नर श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पन्ना घाट रोड पर पैच वर्क का कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाए। भू-अर्जन के आपसी सहमति वाले प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरे हों।

कमिश्नर ने सांदीपनि विद्यालयों के भवनों के निर्माण कार्य की समीक्षा करते तेजी से निर्माण कार्य पूरा करने, जैसीनगर पटवारी ट्रेनिंग सेंटर को शीघ्रता से पूर्ण कर हैंडओवर की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों को गंभीरता से लेकर संतुष्टिपूर्वक बंद कराएं और पेंडेंसी को खत्म करें।